मैट हेनरी, Times Haryana: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मैच में भारतीय टीम बुरी तरह पस्त हुई। टीम इंडिया सिर्फ 89 रन पर ढेर हो गई और 244 रन के बड़े अंतर से मुकाबला हार गई।
भारतीय टीम का यह हश्र न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने किया, जिन्होंने अकेले छह बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया। आउट होने वालों में विराट कोहली भी शामिल थे।
माउंट माउनगानुई के बे ओवल मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में हेनरी ने पहली गेंद और पहले ओवर में ही भारत की तकदीर तय कर दी थी। उन्होंने रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को पवेलियन लौटाया, और तीनों बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बावजूद मैच के बाद कोहली न्यूजीलैंड के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे और हेनरी को अपनी एक जर्सी गिफ्ट में दी। न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा साझा किए गए वीडियो में कोहली टीम इंडिया की नीली जर्सी हेनरी को देते दिखे।
इस दौरान दोनों के बीच मैच को लेकर छोटी सी चर्चा भी हुई। कोहली ने हेनरी की गेंदबाजी को शानदार बताया और कहा कि शायद सूरज की रोशनी के कारण भी उनका पहला ओवर घातक रहा।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें नहीं लगा था कि विकेट में कोई बड़ा बदलाव आएगा।
वहीं हेनरी ने इस शानदार सफलता के बावजूद विनम्रता बनाए रखी और इसे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मानने से इनकार कर दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह वनडे में उनका अब तक का सबसे बेहतरीन शुरुआती ओवर था, तो उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा नहीं लगता।
यकीनन कोई और होगा। बहुत सारा वनडे क्रिकेट खेला गया है।
निश्चित रूप से इससे बेहतर भी प्रदर्शन हुए होंगे।”
