भारत-इंडोनेशिया आतंकवाद निरोधक बैठक, Times Haryana (नई दिल्ली): आतंकवाद के खिलाफ भारत और इंडोनेशिया ने मिलकर लड़ाई तेज करने का फैसला किया है। नई दिल्ली में दोनों देशों के बीच आतंकवाद निरोधक संयुक्त कार्य समूह की सातवीं बैठक हुई, जिसमें सीमा पार आतंकवाद से लेकर टेरर फंडिंग और आतंकियों द्वारा इंटरनेट व नई तकनीकों के इस्तेमाल तक, हर बड़े खतरे पर चर्चा हुई।
भारत और इंडोनेशिया ने आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा करते हुए उसके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई। दोनों देशों ने माना कि आतंकवाद से मुकाबले के लिए केवल राष्ट्रीय स्तर पर नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ठोस और साझा कार्रवाई जरूरी है।
बैठक में दोनों देशों ने अपने-अपने क्षेत्रों और दुनिया के सामने मौजूद आतंकवादी खतरों का आकलन साझा किया। आतंकियों की फंडिंग के नेटवर्क को तोड़ने, कट्टरपंथ पर रोक लगाने और नई तकनीकों के जरिए आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिशों पर विशेष ध्यान दिया गया।
इसके अलावा संगठित अपराध और आतंकवाद के बढ़ते गठजोड़ को भी गंभीर चुनौती माना गया। दोनों देशों ने आतंकवादी संगठनों के खिलाफ वित्तीय कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया।
भारत और इंडोनेशिया ने संयुक्त राष्ट्र, आसियान, ब्रिक्स और FATF जैसे मंचों पर भी आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
सुरक्षा सहयोग को जमीन पर मजबूत करने के लिए इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल 13 नवंबर को एनएसजी मुख्यालय का दौरा करेगा। वहां आतंकवाद निरोधक क्षमता, सुरक्षा प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा होगी।
दोनों देशों ने अगली संयुक्त कार्य समूह की बैठक इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित करने पर भी सहमति जताई है।
