Saturday, November 14, 2026 Fresh updates, sharp stories
Latest News

दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले चार गानों पर आपत्ति, बाल संरक्षण अधिकारी ने पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र

By

दिलजीत दोसांझ अहमदाबाद कॉन्सर्ट, Times Haryana (अहमदाबाद, गुजरात): पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। गुजरात के अहमदाबाद में 21 नवंबर को होने वाले उनके लाइव कॉन्सर्ट से पहले जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कई पाबंदियां लगाने की मांग की है।

अधिकारी ने दिलजीत से शराब, नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाले चार गाने न गाने को कहा है। इसके अलावा कॉन्सर्ट में तेज आवाज, चमकती लाइटों और बच्चों को स्टेज पर बुलाने को लेकर भी चिंता जताई गई है।

किन चार गानों पर एतराज

पुलिस कमिश्नर को लिखे पत्र में चार गानों का खास तौर पर जिक्र किया गया है। इनमें ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचो फीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ शामिल हैं।

बाल संरक्षण अधिकारी का कहना है कि इन गानों के बोल में शराब, अफीम, नशे और हथियारों का जिक्र है, जिसका बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है। पत्र में यह भी कहा गया है कि इन गानों को बदले हुए बोल के साथ भी नहीं गाया जाना चाहिए।

इंदौर में धमकी भरे ईमेल

दिलजीत 15 नवंबर को इंदौर में भी परफॉर्म करने वाले हैं। उनके इस कॉन्सर्ट से पहले शहर में तीन बैंकों और मेयर सेक्रेटेरिएट को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली है।

ईमेल पंजाबी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में लिखे गए हैं। धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और निशाना बताई गई जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मेयर सेक्रेटेरिएट की बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने पूरी तलाशी ली।

धमकी भरे ईमेल में बंधन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक और इंदौर के मेयर सचिवालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। इस मामले पर इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि कुछ लोग अच्छे कामों में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ऐसी धमकियों से शहर में होने वाले कार्यक्रमों और विकास कार्यों पर असर नहीं पड़ेगा।

पुलिस अधिकारी राजेश दंडोतिया ने बताया कि चार अलग-अलग जगहों को निशाना बनाकर ईमेल के जरिए धमकियां दी गई हैं। पुलिस इन ईमेल की जांच कर रही है और उन्हें भेजने के लिए इस्तेमाल की गई ईमेल आईडी का पता लगाया जा रहा है।

साथ ही यह भी जानने की कोशिश की जा रही है कि ये संदेश कहां से भेजे गए और इनके पीछे कौन लोग हैं।