दिल्ली वायु प्रदूषण, Times Haryana: देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का संकट लगातार गहराता जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शुक्रवार की तुलना में हवा में मामूली सुधार हुआ है, फिर भी संकट बरकरार है।
आज सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 349 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ (Very Poor) श्रेणी में आता है।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (EWS) और CPCB के लाइव स्टेशन डेटा के अनुसार, राजधानी के 59 में से 51 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर मुख्य प्रदूषक कण PM2.5 मौजूद है। शहर के सबसे प्रदूषित इलाकों में आईआईटी दिल्ली (AQI 420), पूसा (AQI 419), बुराड़ी क्रॉसिंग (AQI 416) और आईटीओ (AQI 414) शामिल हैं, जहां हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई है।
इसके अलावा डीटीयू (399), बवाना (391), जेएनयू (390), जहांगीरपुरी (389), तालकटोरा गार्डन (384), एनएसआईटी द्वारका (383), वजीरपुर (376) और इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (340) में हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। राहत की बात केवल छावनी क्षेत्र (AQI 147) में रही, जो मध्यम श्रेणी के साथ दिल्ली का सबसे साफ इलाका रहा, जबकि लोधी रोड (285) और नजफगढ़ (281) ‘खराब’ श्रेणी में रहे।
मौसम विभाग और EWS के अनुसार राजधानी में हवा की औसत गति 10 किमी प्रति घंटे से कम है और वेंटिलेशन इंडेक्स कमजोर होने के कारण प्रदूषक कण वातावरण की निचली सतह में ही फंसे हुए हैं। डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली के स्थानीय प्रदूषण में परिवहन (वाहनों) की हिस्सेदारी 18.5% के साथ सबसे अधिक है।
आसपास के एनसीआर जिलों से आने वाला धुआं और पराली जलाने का असर भी हवा को जहरीला बना रहा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 16 नवंबर तक दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में ही बने रहने की संभावना है।
CPCB के मानकों के तहत 301 से 400 के बीच का AQI लंबे समय तक संपर्क में रहने पर स्वस्थ लोगों के श्वसन तंत्र को भी नुकसान पहुंचा सकता है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को सुबह की सैर और बाहरी व्यायाम से बचने तथा घर से बाहर निकलते समय N95 मास्क पहनने की सलाह दी है।
बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और अस्थमा या हृदय रोग से पीड़ित लोगों को घर के अंदर सुरक्षित रहने और एयर प्यूरीफायर का उपयोग करने को कहा गया है।
