बीसीसीआई अंडर-19 महिला क्रिकेटर नंदिनी, Times Haryana (तेलंगाना, विकाराबाद): तेलंगाना के विकाराबाद में बीसीसीआई की अंडर-19 महिला क्रिकेटर नंदिनी ने आत्महत्या कर ली है। इस घटना के बाद हर कोई हैरान है कि एक अच्छा-खासा करियर छोड़कर उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया।
परिजनों का आरोप है कि 17 वर्षीय महिला क्रिकेटर नंदिनी दो मनचले युवकों से परेशान थीं और इसी प्रताड़ना के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। नंदिनी यलाल मंडल के संगय्यापल्ली गांव की रहने वाली थीं और पढ़ाई व क्रिकेट की ट्रेनिंग के सिलसिले में दादी के साथ विकाराबाद में रहती थीं।
वे हाल ही में बीसीसीआई की अंडर-19 टीम में चुनी गई थीं।
परिजनों के अनुसार, कुछ दिनों से एक युवक नंदिनी का पीछा कर रहा था और प्यार के नाम पर उसे लगातार घूरता था। एक दूसरे युवक पर भी उन्हें परेशान करने का आरोप है।
परिवार का कहना है कि बेटी प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं कर पाई।
नंदिनी की मौत के बाद परिजनों ने दोनों युवकों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना से स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
