CAT 2026, Times Haryana: CAT 2026 का आयोजन इस बार कई बदलावों के साथ किया जाने की तैयारी है। इसके तहत पहली बार CAT 2026 में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स के चेहरे की पहचान AI-आधारित फेशियल रिकग्निशन तकनीक से की जाएगी।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) इंदौर इस तकनीक का परीक्षण करने जा रहा है, जिसमें देखा जाएगा कि यह कितनी सटीक है और इसमें किन सुधारों की जरूरत है। CAT 2026 का आयोजन IIM इंदौर द्वारा ही किया जा रहा है।
IIM इंदौर के निदेशक हिमांशु राय के अनुसार यह कदम संस्थान द्वारा अपने सभी क्षेत्रों, विशेष रूप से सीखने-सिखाने की प्रक्रिया में AI को अपनाने की दिशा में उठाया गया है। उन्होंने कहा कि IIM इंदौर अपने शैक्षणिक ढांचे में लगातार AI को शामिल कर रहा है, ताकि छात्र तेजी से बदलते तकनीकी माहौल को समझ सकें और उसके अनुसार खुद को ढाल सकें।
उनके मुताबिक, संस्थान के अधिकांश पाठ्यक्रमों और कार्यक्रमों में AI एक अहम हिस्सा बन चुका है।
डेटा सुरक्षा को लेकर हिमांशु राय ने स्पष्ट किया कि इस तकनीक का प्रयोग एक परीक्षण के तौर पर किया जा रहा है और कैंडिडेट्स का कोई डेटाबेस स्टोर नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि CAT 2026 के लिए इसे पहली बार लागू किया जा रहा है और यह प्रक्रिया सभी परीक्षा केंद्रों पर अपनाई जाएगी।
यदि किसी कैंडिडेट का AI-आधारित तकनीक से चेहरा नहीं मिलता है, तो उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश से नहीं रोका जाएगा। ऐसे मामलों में फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद कैंडिडेट्स को एंट्री दी जाएगी।
CAT 2026 परीक्षा 29 नवंबर को तीन सत्रों में आयोजित होगी। हर सेक्शन के सवालों के जवाब देने के लिए कैंडिडेट्स को 40 मिनट का समय मिलेगा।
एक सेक्शन के सवाल हल करते समय वे किसी दूसरे सेक्शन में नहीं जा सकेंगे।
शांतिपूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के लिए इस बार कुछ पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिनमें फेस मैचिंग और कुछ चुनिंदा जगहों पर मोबाइल जैमर लगाना शामिल है। परीक्षा लगभग 170 शहरों में आयोजित की जाएगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार CAT 2026 का स्कोर 31 दिसंबर 2027 तक मान्य रहेगा, जिसे आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकेगा।
